नीट पीजी के लिए पंजीकरण शुरू, 21 जुलाई तक कर पाएंगे आवेदन, जानिए कब होगी परीक्षा

नई दिल्ली
पोस्ट ग्रेजुएट मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट पीजी के लिए आवेदन प्रक्रिया बुधवार से शुरू हो गई है। नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशंस इन मेडिकल साइंसेज (एनबीईएमएस) ने नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट फॉर पोस्टग्रेजुएट (नीट पीजी 2026) के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके साथ ही आयोग ने इन्फॉर्मेशन बुलेटिन और महत्त्वपूर्ण तिथियों की घोषणा भी कर दी है। सभी योग्य उम्मीदवार अब आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर कम्प्यूटर आधारित इस परीक्षा के लिए आवेदन कर सकते हैं।
शेड्यूल के अनुसार, नीट पीजी 2026 की रजिस्ट्रेशन विंडो पहली जुलाई, 2026 को शाम 5.00 बजे से लाइव हो चुकी है। उम्मीदवार 21 जुलाई, 2026 को रात 11.55 बजे तक ही अपना फॉर्म जमा कर सकेंगे। इसके बाद, 11 अगस्त, 2026 को छात्रों को उनके अलॉट किए गए परीक्षा शहर की जानकारी दी जाएगी। देश भर के विभिन्न केंद्रों पर यह परीक्षा 30 अगस्त, 2026 को आयोजित की जाएगी, जबकि इसके नतीजे 30 सितंबर, 2026 तक घोषित किए जाएंगे।
फोटो अपलोड करने में बरतें पूरी सावधानी
अकसर छात्र फोटो अपलोड करने में लापरवाही करते हैं, जिससे उनका एडमिट कार्ड रुक जाता है। बोर्ड ने साफ निर्देश दिया है कि छात्रों को पिछले तीन महीनों के भीतर खिंचवाई गई नई पासपोर्ट साइज फोटो ही अपलोड करनी होगी, जिसमें उनका चेहरा साफ दिखाई दे। इसके साथ ही सिग्नेचर और अन्य डॉक्यूमेंट की तस्वीरें भी तय फॉर्मेट में होनी चाहिए। धुंधली, एडिट की गई या गलत तस्वीरों वाले आवेदनों को तुरंत खारिज कर दिया जाएगा। बोर्ड उम्मीदवारों की पसंद के अनुसार ही शहर देने की कोशिश करेगा, लेकिन प्रशासनिक या सुरक्षा कारणों से वह भारत में कहीं भी परीक्षा केंद्र आबंटित कर सकता है।
पहले आओ, पहले पाओ का नियम खत्म
एनबीईएमएस ने छात्रों को आगाह किया है कि वे आखिरी तारीख का इंतजार किए बिना फॉर्म भरें, लेकिन जल्दबाजी में कोई गलती न करें। इस बार परीक्षा शहर आबंटन में पहले आओ, पहले पाओ का नियम लागू नहीं होगा। उम्मीदवारों को फॉर्म भरते समय तीन पसंदीदा राज्यों का चयन करना होगा। नियम के मुताबिक, पहला पसंदीदा राज्य वही होना चाहिए, जो उम्मीदवार का वर्तमान पता है। बाकी के दो विकल्प पड़ोसी राज्यों के होने चाहिएं। ध्यान रहे कि फॉर्म सबमिट होने के बाद एडिट विंडो में भी छात्र के घर का पता और राज्यों के विकल्प बदले नहीं जा सकेंगे। छात्रों को एनबीई की आधिकारिक वेबसाइट पर ही आवेदन करना होगा।
आवेदन फीस
जनरल, ओबीसी, ईडब्ल्यूएस कैटेगरी- 3,500 रुपए
एससी, एसटी और पीडब्ल्यूडी कैटेगरी- 2,500 रुपए






