तीन अवैध कॉलोनियों पर चला बुलडोजर, DTP टीम की कार्रवाई, 3.75 एकड़ से हटाया अतिक्रमण

करनाल
सोमवार को डीटीपी की टीम ने तीन अवैध कॉलोनियों में कार्रवाई की। इस दौरान 10 डीपीसी, सडक़ें, कच्ची सडक़ें और सीवरेज नेटवर्क ध्वस्त किया गया। इस दौरान पुलिस भी तैनात रही। जिला नगर योजनाकार गुंजन वर्मा ने बताया कि ड्यूटी मजिस्ट्रेट व पुलिस की अगुवाई में पहली अवैध कॉलोनी गांव छपरा खेड़ा में उत्तम नगर के पास स्थित थी, जिसका एरिया लगभग 2.75 एकड़ था। इस कॉलोनी में 3 डीपीसी व सभी कच्ची सडक़ों को ध्वस्त किया गया। दूसरी अवैध कॉलोनी गांव मंगलपुर में दनियालपुर रोड पर स्थित थी, जिसका एरिया लगभग 1.5 एकड़ था।
यहां 5 डीपीसी, सीवरेज नेटवर्क व सभी पक्की सडक़ों को ध्वस्त किया गया। तीसरी कार्रवाई नीलोखेड़ी के काली माता मंदिर के पास साढ़े तीन एकड़ की कॉलोनी में की गई, यहां डीपीसी के अलावा अन्य निर्माण भी ढहाया गया। उन्होंने बताया कि लगातार तोडफ़ोड़ की कार्रवाई की जा रही है। अवैध कॉलोनियों व अवैध निर्माण करने वालों की लगातार एफआईआर भी करवाई जा रही है। आम जनता से अपील की गई है कि वे डीलरों के जाल में न फंसें और शहर में बनी वैध कॉलोनियों में प्लॉट खरीद कर अपना घर बनाएं।





